रायपुर, 08 अक्टूबर। Gold Fraud Case: राजधानी के उरला थाना क्षेत्र के बीरगांव में नकली सोने के जेवर गिरवी रखकर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। बुधवार शाम करीब 7 बजे दर्ज शिकायत के मुताबिक, तीन लोगों ने अलग-अलग तारीखों में सोने जैसे दिखने वाले जेवरात वैभव ज्वेलर्स में गिरवी रखे और बदले में कुल 3 लाख 90 हजार रुपये नकद ले लिए।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अलग-अलग समय पर जेवरात लेकर ज्वेलरी दुकान से रकम हासिल की। बाद में जेवरों की जांच में उनके नकली होने की जानकारी सामने आई।
शिकायत के आधार पर उरला पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों द्वारा गिरवी रखे गए जेवरों, लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।
शिकायत में 16 अगस्त को मनीष देवांगन द्वारा 4.080 ग्राम वजन के जेवर गिरवी रखने का भी उल्लेख किया गया है। मामले में अन्य आरोपियों और लेन-देन से जुड़ी पूरी जानकारी पुलिस जांच के बाद सामने आएगी।


