रायपुर, 03 नवम्बर। Gold Silver Rate: सोने और चांदी की कीमतों में तेजी के बाद मंगलवार को एक बार फिर बड़ी गिरावट देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार शुरू होते ही चांदी की कीमत में 4,429 रुपये प्रति किलो की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, 24 कैरेट सोने का वायदा भाव भी 1,386 रुपये प्रति 10 ग्राम टूट गया।
1.80 लाख रुपये के नीचे पहुंची चांदी
MCX पर 4 दिसंबर एक्सपायरी वाली चांदी सोमवार को 1,83,779 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। मंगलवार को बाजार खुलते ही इसका भाव गिरकर 1,79,350 रुपये प्रति किलो पर आ गया। इस तरह चांदी एक बार फिर 1.80 लाख रुपये के स्तर से नीचे पहुंच गई।
बताया जा रहा है कि 29 जनवरी 2026 को चांदी ने 4,20,048 रुपये प्रति किलो का रिकॉर्ड स्तर छुआ था। मौजूदा कीमत इस रिकॉर्ड स्तर से 2.40 लाख रुपये से अधिक नीचे है।
सोने की कीमत में भी आई गिरावट
चांदी के साथ सोने की कीमतों में भी गिरावट दर्ज की गई। MCX पर 4 दिसंबर एक्सपायरी वाला 24 कैरेट सोना सोमवार को 1,40,186 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। मंगलवार को कारोबार शुरू होते ही इसकी कीमत घटकर 1,38,800 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई।
वहीं, घरेलू बाजार के आंकड़ों के अनुसार, IBJA में 2 नवंबर को 24 कैरेट सोने की कीमत 1,37,524 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी की कीमत 1,79,972 रुपये प्रति किलो दर्ज की गई थी।
सोने-चांदी की कीमतों में लगातार हो रहे उतार-चढ़ाव के बीच खरीदारों की नजर बाजार के अगले रुख पर टिकी हुई है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में कीमती धातुओं के भाव में और गिरावट आती है या फिर कीमतों में दोबारा तेजी देखने को मिलती है।

