नई दिल्ली, 17 नवम्बर। Gold Silver Rate Today: पिछले कारोबारी सत्र में बड़ी गिरावट के बाद मंगलवार, 17 नवंबर को सोने और चांदी की कीमतों में हल्की तेजी दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार से मिले सकारात्मक संकेतों का असर घरेलू बाजार पर भी देखने को मिला। हालांकि, डॉलर की मजबूती और अमेरिकी ब्याज दरों को लेकर बनी अनिश्चितता के कारण बाजार में उतार-चढ़ाव जारी है।
आज सोने-चांदी के ताजा भाव
Bullion.co.in के आंकड़ों के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 6:05 बजे 24 कैरेट सोने की कीमत 1,35,130 रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज की गई। वहीं, 22 कैरेट सोना 1,23,869 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। चांदी की कीमत 1,68,730 रुपये प्रति किलोग्राम रही।
सोमवार को सोने-चांदी में आई थी बड़ी गिरावट
इससे पहले सोमवार, 16 नवंबर को MCX पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना 1.6 प्रतिशत गिरकर 1,34,539 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। वहीं, चांदी के वायदा भाव में 3.2 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई थी और यह 1,67,863 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई थी।
अमेरिकी फेड के फैसले पर टिकी बाजार की नजर
सोने और चांदी की कीमतों पर अमेरिकी डॉलर की मजबूती और ट्रेजरी बॉन्ड की बढ़ती यील्ड का दबाव बना हुआ है। अब निवेशकों की नजर दिसंबर में अमेरिकी फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों से जुड़े फैसले पर है।

