Site icon AB News24.in

Guest Teachers: अतिथि शिक्षकों ने खत्म की हड़ताल… सरकार को दिया अल्टीमेटम

छत्तीसगढ़ के अतिथि शिक्षकों ने 24 दिनों से जारी अपनी हड़ताल फिलहाल समाप्त कर दी है। समान काम-समान वेतन, 12 महीने का वेतन, संविलियन, सेवा सुरक्षा, मानदेय वृद्धि

अतिथि शिक्षकों ने

दुर्ग, 24 जुलाई। Guest Teachers: छत्तीसगढ़ के अतिथि शिक्षकों ने 24 दिनों से जारी अपनी हड़ताल फिलहाल समाप्त कर दी है। समान काम-समान वेतन, 12 महीने का वेतन, संविलियन, सेवा सुरक्षा, मानदेय वृद्धि और मातृत्व अवकाश समेत विभिन्न मांगों को लेकर प्रदेशभर के अतिथि शिक्षक आंदोलनरत थे। शुक्रवार को अतिथि शिक्षक संगठन के पदाधिकारियों ने दुर्ग में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की।

हालांकि, संगठन ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कोई ठोस और सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो 5 सितंबर के बाद एक बार फिर प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा।

अतिथि शिक्षकों की हड़ताल का असर प्रदेश के कई स्कूलों में पढ़ाई पर पड़ रहा था। इसी बीच, राज्य सरकार ने सभी अतिथि शिक्षकों को 27 जुलाई तक अपने कार्यस्थल पर लौटने के निर्देश जारी किए थे। सरकार ने स्पष्ट किया था कि निर्धारित समय सीमा तक ड्यूटी जॉइन नहीं करने वाले शिक्षकों की सेवाएं समाप्त की जा सकती हैं।

स्कूल शिक्षा विभाग ने शाला प्रबंध समितियों को निर्देश दिया था कि हड़ताल पर गए अतिथि शिक्षकों को 27 जुलाई तक विद्यालय लौटने के लिए कहा जाए। आदेश का पालन नहीं करने पर कंडिका 7.3 के तहत उनकी अध्यापन व्यवस्था तत्काल समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

सरकार की सख्ती और छात्रों की पढ़ाई प्रभावित होने के बीच अतिथि शिक्षकों ने फिलहाल अपना आंदोलन समाप्त करने का फैसला लिया है। हालांकि, संगठन ने साफ कर दिया है कि उनकी मांगों को लेकर संघर्ष अभी समाप्त नहीं हुआ है। मांगें पूरी नहीं होने की स्थिति में सितंबर माह में आंदोलन फिर से बड़े स्तर पर शुरू किया जाएगा।

Exit mobile version