Site icon AB News24.in

Haridwar Ganga River: 18 दिन चला सफाई अभियान… 4 दिन में फिर मैली हुई गंगा

हरिद्वार, 15 नवम्बर। Haridwar Ganga River: उत्तराखंड के हरिद्वार में हर की पौड़ी समेत आसपास के घाटों पर 18 दिनों तक चले सफाई अभियान के बाद गंगा का पानी काफी साफ और पारदर्शी नजर आने लगा था। हालांकि, सफाई अभियान खत्म होने के महज चार दिन बाद ही नदी में फिर से प्लास्टिक की थैलियां, पन्नियां और पुराने कपड़े तैरते दिखाई देने लगे।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो को लेकर लोग नाराजगी जता रहे हैं। लोग गंगा में कचरा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। साथ ही, नदी को स्वच्छ बनाए रखने में आम लोगों और श्रद्धालुओं की जिम्मेदारी पर भी सवाल उठ रहे हैं।

दरअसल, हरिद्वार में गंग नहर की सालाना बंदी के दौरान 18 दिनों तक विशेष सफाई अभियान चलाया गया था। इस दौरान सरकारी टीमों और स्वयंसेवकों ने हर की पौड़ी के आसपास करीब 10 किलोमीटर के क्षेत्र से लगभग 150 टन कचरा हटाया था।

7 नवंबर की रात पानी दोबारा छोड़े जाने के बाद हर की पौड़ी समेत अन्य घाटों पर गंगा का प्रवाह लौट आया। इसके बाद नदी का पानी इतना साफ दिखाई दे रहा था कि कई जगह तलहटी तक नजर आ रही थी।

इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। पानी की पारदर्शिता देखकर कई लोगों को इस दृश्य पर यकीन तक नहीं हुआ और कुछ यूजर्स ने इसे AI से बनाया गया वीडियो भी बताया।

लेकिन कुछ ही दिनों बाद गंगा में दोबारा कचरा दिखाई देने से एक बड़ा सवाल खड़ा हो गया है—क्या गंगा को साफ रखने की जिम्मेदारी सिर्फ सरकारी एजेंसियों और सफाई कर्मचारियों की है, या फिर श्रद्धालुओं और आम लोगों को भी अपनी आदतों में बदलाव लाना होगा?

Exit mobile version