सिरमौर, 24 अगस्त। Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में रविवार शाम नहाने गए दो बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसा पांवटा उपमंडल के जंबू खाला में हुआ। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस के मुताबिक, निहालगढ़ क्षेत्र के पांच बच्चे रविवार शाम जंबू खाला में नहाने गए थे। इसी दौरान एक बच्चा गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने की कोशिश में दूसरा बच्चा भी गहरे पानी में चला गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुरुवाला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रोहित (9), सिद्धार्थ (9) और अंकुर (8) को सुरक्षित बाहर निकालकर उनके परिजनों को सौंप दिया।
वहीं, उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निवासी अनवर के बेटे जाबिर (9) और बिहार के समस्तीपुर निवासी सिकंदर के बेटे सत्यम (8) का पता नहीं चल सका। पांवटा के डीएसपी मानवेंद्र सिंह ठाकुर ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान की निगरानी की।
अंधेरा होने के बावजूद पुलिस और गोताखोरों ने टॉर्च की रोशनी में दोनों बच्चों की तलाश जारी रखी। काफी मशक्कत के बाद दोनों को गहरे कुंड से बाहर निकाला गया और पांवटा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए पांवटा साहिब के सरकारी अस्पताल में रखवाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

