Site icon AB News24.in

Hollywood Movie: प्रियंका चोपड़ा की नई हॉलीवुड फिल्म ‘Bluefly’ का ऐलान…रसेल क्रो के साथ आएंगी नजर

नई दिल्ली, 07 अगस्त| Hollywood Movie: बॉलीवुड से हॉलीवुड तक अपनी अलग पहचान बना चुकी अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने एक और अंतरराष्ट्रीय प्रोजेक्ट साइन किया है। ‘द ब्लफ’ और ‘हेड्स ऑफ स्टेट’ के बाद अब वह नई साइंस-फिक्शन एक्शन थ्रिलर फिल्म ‘Bluefly’ में ऑस्कर विजेता अभिनेता रसेल क्रो के साथ मुख्य भूमिका निभाएंगी।

प्रियंका ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म की घोषणा की। उन्होंने एक मनोरंजन वेबसाइट की खबर का स्क्रीनशॉट साझा करते हुए कैप्शन लिखा, “Now onto the next…”। उनकी इस पोस्ट पर पति निक जोनस ने हार्ट इमोजी के साथ प्रतिक्रिया दी, जबकि अभिनेत्री हुमा कुरैशी ने भी उन्हें बधाई दी।

फिल्म ‘Bluefly’ का निर्देशन निमरोद एंटल करेंगे। इसकी कहानी डेविड फ्रिगेरियो, विलियम यूबैंक और कार्लाइल यूबैंक ने मिलकर लिखी है। यह एक साइंस-फिक्शन एक्शन थ्रिलर होगी, जिसमें प्रियंका और रसेल क्रो मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। हालांकि फिल्म की रिलीज डेट और अन्य कलाकारों की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है।

हॉलीवुड के साथ-साथ प्रियंका भारतीय सिनेमा में भी वापसी की तैयारी कर रही हैं। करीब सात साल बाद वह निर्देशक एस.एस. राजामौली की आगामी फिल्म ‘वाराणसी’ से बॉलीवुड में वापसी करेंगी। इस फिल्म में उनके साथ महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

बताया जा रहा है कि फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है और प्रियंका इसमें ‘मंदाकिनी’ का किरदार निभा रही हैं। उनका फर्स्ट लुक पहले ही सामने आ चुका है, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया है। लगातार अंतरराष्ट्रीय और भारतीय फिल्मों में सक्रिय प्रियंका चोपड़ा आने वाले समय में कई बड़े प्रोजेक्ट्स में नजर आएंगी।

Exit mobile version