Site icon AB News24.in

Illegal transport: बिलासपुर में अवैध परिवहन पर बड़ी कार्रवाई… 10 वाहन जब्त

बिलासपुर, 17 अक्टूबर। Illegal transport: जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में जांच के दौरान 10 वाहनों को जब्त किया है। इनमें 7 हाइवा और 3 ट्रैक्टर-ट्रॉली शामिल हैं। जब्त वाहनों को संबंधित थानों और खनिज जांच चौकियों की अभिरक्षा में रखा गया है।

कलेक्टर के निर्देश और उप संचालक खनिज के मार्गदर्शन में विभागीय टीम ने 12 से 15 अक्टूबर 2026 तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान रेत, गिट्टी और चूना पत्थर डस्ट के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के मामलों की जांच की गई।

कई क्षेत्रों में पकड़े गए वाहन

खनिज विभाग की टीम ने रतनपुर, कोटा, खोलिपारा, तुरकाडीह, सेंदरी, कोनी, कच्छार, लमेर, निरतु, सकरी, लालखदान, मस्तूरी और लावर सहित कई क्षेत्रों में निरीक्षण किया।
जांच के दौरान ग्राम खोलिपारा में रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन करते दो ट्रैक्टर जब्त किए गए। वहीं, ग्राम लमेर में रेत का परिवहन करते एक ट्रैक्टर पकड़ा गया।

लालखदान क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन करते दो हाइवा जब्त किए गए। ग्राम सैदा के पास चूना पत्थर डस्ट का परिवहन करते एक हाइवा पकड़ा गया। इसके अलावा लावर क्षेत्र में गिट्टी का परिवहन करते तीन हाइवा और रेत का अवैध परिवहन करते एक हाइवा जब्त किया गया।

अवैध खनन के खिलाफ निगरानी तेज

खनिज विभाग द्वारा जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए लगातार औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। जब्त वाहनों के मामलों में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य खनिजों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाना है।

Exit mobile version