Site icon AB News24.in

MP Congress Protest: केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन… कलेक्टोरेट तक निकलेगी महारैली

मध्यप्रदेश, 27 अक्टूबर। MP Congress Protest: केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के विरोध में कांग्रेस मंगलवार को जनसंघर्ष महारैली निकालेगी। शहर और जिला कांग्रेस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह रैली सुबह 11 बजे गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर कलेक्टोरेट पहुंचेगी। रैली के जरिए कांग्रेस सरकारों की नीतियों और मतदाता सूची में किए गए बदलावों के खिलाफ विरोध दर्ज कराएगी।

‘कांग्रेस लाओ, देश बचाओ’ का दिया नारा

कांग्रेस ने महारैली के लिए ‘कांग्रेस लाओ, देश बचाओ’ और ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के नारे दिए हैं। कांग्रेस नेता देवेंद्र सिंह यादव के मुताबिक, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े और वरिष्ठ नेताओं के निर्देश पर यह आयोजन किया जा रहा है। पार्टी का आरोप है कि भाजपा सरकार की नीतियों से आम जनता परेशान है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाने की मांग

कांग्रेस इस प्रदर्शन के जरिए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके कार्यकाल में लिए गए निर्णयों की समीक्षा की मांग भी उठाएगी। इसके अलावा, मतदाता सूची में हुए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा कराने की मांग को लेकर कलेक्टोरेट तक प्रदर्शन किया जाएगा।

मोर्चा-संगठनों को भी जुटने के निर्देश

महारैली में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस ने विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों और प्रभारियों, वरिष्ठ नेताओं, प्रदेश कांग्रेस के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारियों, शहर और जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों तथा ब्लॉक अध्यक्षों को शामिल होने के निर्देश दिए हैं।

युवा कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई और महिला कांग्रेस सहित विभिन्न मोर्चा-संगठनों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से भी अपने साथियों के साथ पहुंचने की अपील की गई है। इसके अलावा, वर्तमान और पूर्व पार्षदों, पार्षद प्रत्याशियों, पंचों, सरपंचों और अन्य पंचायत पदाधिकारियों से भी महारैली में शामिल होने का आह्वान किया गया है।

Exit mobile version