जबलपुर, 16 जुलाई| Jabalpur Car Accident News: मध्य प्रदेश के जबलपुर में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गोहलपुर थाना क्षेत्र में चलती कार चला रहे 55 वर्षीय चालक को अचानक हार्ट अटैक आने से कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने नाले में जा गिरी। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान हनुमानताल निवासी बबुआ हाजी (55) के रूप में हुई है। वह अपनी कार से अमखेरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान गोहलपुर क्षेत्र में उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द हुआ। स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण उनका वाहन पर नियंत्रण छूट गया और कार सीधे नाले में जा गिरी।
हादसा देखकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और चालक को कार से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के समय सड़क पर ट्रैफिक कम होने के कारण बड़ा हादसा टल गया और कोई अन्य वाहन इसकी चपेट में नहीं आया।
सूचना मिलते ही गोहलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से नाले में फंसी कार को बाहर निकाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

