जगदलपुर, 4 अगस्त। Jagdalpur Fire News: जगदलपुर शहर के अनुपमा चौक स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक (IOB) के पास देर रात एक बुक डिपो में भीषण आग लग गई। आग की घटना में दुकान में रखी लाखों रुपये की किताबें, कॉपियां और स्टेशनरी का सामान जलकर खाक हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, सूरज इंटरप्राइजेज नामक बुक डिपो से देर रात अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस, अग्निशमन विभाग और एसडीआरएफ (SDRF) को दी।
सूचना मिलते ही दमकल और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन दुकान का शटर बंद होने के कारण राहत कार्य में दिक्कत आई। इसके बाद एसडीआरएफ के जवानों ने कटर की मदद से शटर काटा और दुकान के अंदर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
इस अग्निकांड में दुकान के भीतर रखा लाखों रुपये का स्टेशनरी सामान, किताबें और कॉपियां पूरी तरह जल गईं। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।
फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। साथ ही आग से हुए कुल आर्थिक नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।


