बिलासपुर, 17 नवम्बर। Janjatiya Gaurav Diwas: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास साहस, स्वाभिमान और बलिदान की गौरवशाली गाथा है। जनजातीय नायकों ने देश की आजादी और अपने समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर शिक्षा, आत्मनिर्भरता और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ना होगा। मुख्यमंत्री साय सोमवार को बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर करीब 120 करोड़ रुपये की लागत के 16 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया।
मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के महान जनजातीय नायकों को नमन करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने कम उम्र में ही अंग्रेजी शासन की दमनकारी नीतियों के खिलाफ संघर्ष किया और जनजातीय समाज को अपने अधिकारों, संस्कृति और परंपराओं की रक्षा के लिए संगठित किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 नवंबर को बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत कर जनजातीय समाज के योगदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है।
सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के अमर शहीद वीर नारायण सिंह ने अकाल के दौरान भूख से परेशान लोगों की मदद की और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय में प्रदेश के जनजातीय नायकों के संघर्ष और इतिहास को संजोया गया है। उन्होंने युवाओं से संग्रहालय का भ्रमण कर अपने पूर्वजों के योगदान को जानने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकार और विकास के लिए लगातार काम कर रही हैं। पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से दूरस्थ इलाकों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना और महतारी वंदन योजना से भी जनजातीय परिवारों को लाभ मिल रहा है।
शिक्षा और रोजगार से बदलेगी जनजातीय युवाओं की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक कौशल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों, छात्रावासों और उच्च शिक्षण संस्थानों का विस्तार किया जा रहा है। ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही हैं, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के बच्चों को भी बेहतर शिक्षा मिल सके।
उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में अब शांति और सुरक्षा का माहौल बनने से विकास के नए रास्ते खुल रहे हैं। इन इलाकों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका की सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। कृषि, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देकर ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
तोखन साहू और अरुण साव ने भी किया संबोधित
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस अपने महान पूर्वजों के संघर्ष और बलिदान को याद करने का अवसर है। जनजातीय समाज ने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अपने त्याग और संघर्ष से समाज में विशेष स्थान बनाया। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने और सामाजिक एकता मजबूत करने की अपील की।
28 प्रतिभाओं का किया गया सम्मान
समारोह में जनजातीय संस्कृति और परंपराओं की शानदार झलक देखने को मिली। भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और संघर्ष पर आधारित लघु फिल्म दिखाई गई। मुख्यमंत्री ने जनजातीय नायकों पर आधारित फोटो प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
इस दौरान शिक्षा, खेल, कला और समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 28 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। जिला स्तरीय लोकनृत्य प्रतियोगिता के विजेता दलों को भी मुख्यमंत्री ने बधाई दी।
कार्यक्रम में विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया, अटल श्रीवास्तव, महापौर पूजा विधानी सहित कई जनप्रतिनिधि, जनजातीय समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

