जशपुर, 19 अक्टूबर। Jashpur Crime News: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सोशल मीडिया पर हिंदू धर्मग्रंथों, ऋषि-मुनियों और देवी-देवताओं को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने एक शिक्षक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हेमंत कुमार बेदी (52) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के बाद 17 अक्टूबर को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
15 अक्टूबर को वायरल हुई थी पोस्ट
पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर को फेसबुक पर धर्म से जुड़े विषयों पर कथित विवादित दावों वाली एक पोस्ट वायरल हुई थी। इसके बाद हिंदू संगठनों ने कुनकुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि हेमंत बेदी नाम के फेसबुक अकाउंट से आपत्तिजनक सामग्री साझा की गई, जिससे सामाजिक तनाव की स्थिति बन सकती थी।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरोपी की पहचान कांसाबेल क्षेत्र के ग्राम बिहावत निवासी हेमंत कुमार बेदी के रूप में हुई। वह कुनकुरी थाना क्षेत्र के कूदमुरा मिडिल स्कूल में शिक्षक के रूप में कार्यरत बताया गया है।
पुलिस को देखकर भागने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, टीम जब आरोपी को नोटिस देने के लिए उसके गांव पहुंची, तो उसने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित पोस्ट को लेकर अपनी गलती स्वीकार की।
पोस्ट में इस्तेमाल मोबाइल जब्त
पुलिस ने आरोपी के पास से वह मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर पोस्ट साझा करने के लिए किया गया था। इसके बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

