जशपुर, 29 नवम्बर। Jashpur Development: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम जोकरी में आयोजित कार्यक्रम में जिले को 33 करोड़ 78 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने एक उच्चस्तरीय पुल और दो विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण किया। वहीं, चार नए उच्चस्तरीय पुलों के निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों का विकास ही प्रदेश की समृद्धि का आधार है। सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पुल-पुलिया, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है। पुलों के निर्माण से खासकर बरसात के दिनों में ग्रामीणों को आवागमन की परेशानी से राहत मिलेगी।
डोड़की नदी पर 6.55 करोड़ का पुल शुरू
मुख्यमंत्री ने नारायणपुर-गौता-रजौटी मार्ग पर डोड़की नदी में 6 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत से बने 120 मीटर लंबे उच्चस्तरीय पुल का लोकार्पण किया। इस पुल से आसपास के 10 गांवों की करीब 7,471 आबादी को लाभ मिलेगा। अब ग्रामीणों को सालभर आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।
22.77 करोड़ से बनेंगे चार नए पुल
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 22 करोड़ 77 लाख रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले चार उच्चस्तरीय पुलों का भूमिपूजन किया। इनमें बोलजोरा में 4.47 करोड़, चंपाझरिया में 4.46 करोड़, सिंधु नाला में 2.55 करोड़ और ईब नदी पर 11.27 करोड़ रुपये की लागत से पुलों का निर्माण किया जाएगा।
इन पुलों के बनने से हजारों ग्रामीणों को मुख्य मार्गों से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और कृषि उपज के परिवहन में भी आसानी होगी।
दो विद्युत उपकेंद्रों का भी लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने ग्राम काईकछार और बालाछापर में 4 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत से बने 33/11 केवी क्षमता के दो विद्युत उपकेंद्रों का भी लोकार्पण किया। इससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली वितरण व्यवस्था मजबूत होगी और बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में सुधार आएगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विकास का लाभ अंतिम गांव और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार का संकल्प है। सड़क, पुल और बेहतर बिजली व्यवस्था ग्रामीणों के जीवन को आसान बनाने के साथ रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देती है।
इस अवसर पर कलेक्टर रोहित व्यास, पुलिस अधीक्षक लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

