जशपुर, 14 अक्टूबर। Jashpur HighTech Bus Stand: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला मुख्यालय जशपुरनगर में हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर 11 करोड़ 83 लाख 62 हजार रुपये की लागत वाली इस परियोजना को स्वीकृति मिल गई है। फिलहाल निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है। करीब तीन एकड़ क्षेत्र में बनने वाले इस आधुनिक बस टर्मिनल में एक साथ 35 से 40 बसों के ठहरने की व्यवस्था होगी।
पुराने मवेशी बाजार परिसर में बनेगा बस स्टैंड
जशपुर जिले के जशपुरनगर स्थित वार्ड क्रमांक 8 के पुराने मवेशी बाजार परिसर में बस स्टैंड का निर्माण प्रस्तावित है। वर्तमान में यहां प्रतिदिन 100 से अधिक बसों का आवागमन होता है और पांच हजार से ज्यादा यात्री सफर करते हैं। यहां से जिले के विभिन्न ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के अलावा झारखंड, ओडिशा, बिहार और पश्चिम बंगाल सहित अन्य स्थानों के लिए बसें चलती हैं। नए बस स्टैंड के निर्माण से बसों का संचालन व्यवस्थित होगा और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
वेटिंग हॉल, लिफ्ट और डिजिटल स्क्रीन की मिलेगी सुविधा
प्रस्तावित हाईटेक बस स्टैंड में आधुनिक यात्री प्रतीक्षालय, वेटिंग हॉल, टिकट काउंटर, लिफ्ट और आधुनिक शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही बसों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी देने के लिए डिजिटल सूचना स्क्रीन लगाने की योजना है।
बस स्टैंड परिसर में 40 दुकानों का निर्माण भी प्रस्तावित है। इससे यात्रियों को जरूरी सामान और सेवाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलने और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावना है। इन सुविधाओं से महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को विशेष सहूलियत मिलेगी।
जशपुर जिले में यातायात व्यवस्था होगी बेहतर
जशपुरनगर जिला मुख्यालय होने के कारण आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार, रोजगार और सरकारी कार्यों के लिए यहां पहुंचते हैं। आधुनिक बस स्टैंड बनने से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन अधिक सुविधाजनक होगा। बसों के व्यवस्थित ठहराव और संचालन से शहर की यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
कुनकुरी और पत्थलगांव में भी बनेंगे आधुनिक बस स्टैंड
जशपुर जिले में सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं के विस्तार के लिए कुनकुरी और पत्थलगांव में भी आधुनिक बस स्टैंड निर्माण की स्वीकृति दी जा चुकी है। वहीं, बंदरचुआ और दुलदुला में एक-एक करोड़ रुपये की लागत से बस स्टैंड का निर्माण कार्य जारी है।

