Site icon AB News24.in

Jhansi Road Accident: झांसी में दर्दनाक हादसा… ट्रक की टक्कर से 4 साल के बच्चे और दादी समेत 3 की मौत

झांसी, 20 अगस्त। Jhansi Road Accident: उत्तर प्रदेश के झांसी में भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। बबीना थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार परिवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में 4 साल के मासूम बच्चे और उसकी दादी समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है।

बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक बाइक को करीब 200 मीटर तक घसीटता चला गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने घायलों और मृतकों को अस्पताल पहुंचाया।

पोते की जिद पर दादी के साथ गया था मासूम

जानकारी के मुताबिक, बबीना थाना क्षेत्र के चंदौली गांव निवासी आनंद रजक अपनी पत्नी उर्मिला और पोते संस्कार उर्फ भानू के साथ मेडिकल कॉलेज गए थे। उनकी बेटी ने अस्पताल में बच्चे को जन्म दिया था, जिसे देखने के लिए परिवार वहां पहुंचा था।

आनंद बाइक नहीं चला पाते थे, इसलिए पड़ोसी गांव सुकुवां निवासी रविंद्र पाल बाइक चलाने के लिए उनके साथ गए थे। वापस लौटते समय 4 साल का भानू भी दादी के साथ जाने की जिद करने लगा। परिवार के मुताबिक, बच्चे के रोने के बाद दादी उसे अपने साथ लेकर बाइक पर बैठ गईं।

पीछे से ट्रक ने मारी टक्कर

हादसा रात करीब 8:30 बजे बीएचईएल स्थित महिमा ढाबे के पास हुआ। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक बाइक को करीब 200 मीटर तक घसीटता चला गया।

हादसे में मासूम भानू और उसकी दादी उर्मिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आनंद रजक और बाइक चला रहे रविंद्र पाल घायल हो गए।

अस्पताल में बेटे का शव देखकर बेहोश हुआ पिता

हादसे की सूचना मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे। बच्चे के पिता महेंद्र को शुरुआत में बेटे और मां के हादसे की जानकारी नहीं थी। जब उन्होंने अस्पताल में अपने 4 साल के बेटे का शव देखा तो सदमे में बदहवास हो गए और रोते-रोते बेहोश हो गए।

इलाज के दौरान तीसरे व्यक्ति की भी मौत

हादसे में घायल आनंद रजक और रविंद्र पाल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान रात करीब 12 बजे रविंद्र पाल की भी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि रविंद्र की शादी करीब 11 महीने पहले ही हुई थी और परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं पर थी। उनकी मौत की खबर सुनकर पत्नी और मां का भी रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों और ट्रक चालक के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version