Site icon AB News24.in

Jharkhand News: JPSC-JSSC विवाद पर झारखंड बंद… छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में BJP का प्रदर्शन

रांची, 11 अगस्त। Jharkhand News: झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन मंगलवार को 18वें दिन भी जारी है। सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस कार्रवाई के विरोध में बीजेपी ने आज राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है। बंद को देखते हुए रांची समेत कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

पुलिस ने कई स्थानों पर अतिरिक्त बल तैनात किया है। इसके साथ ही CCTV और ड्रोन के जरिए निगरानी की जा रही है। बंद के मद्देनजर कई निजी स्कूलों ने भी छुट्टी की घोषणा की है।

विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस से भिड़े छात्र

सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों और पुलिस के बीच कई बार टकराव हुआ। अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पानी की बौछार, आंसू गैस और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया।

इस दौरान कई प्रदर्शनकारी और चार पुलिसकर्मी घायल हुए। घटना के बाद बीजेपी ने छात्रों के समर्थन में बंद का ऐलान किया है।

सुबह 8 बजे से मध्यरात्रि तक बंद

बीजेपी ने भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की जांच कराने और छात्रों की मांगों पर सरकार से गंभीरता से विचार करने की मांग की है। पार्टी ने कांवरियों और आवश्यक सेवाओं को बंद से बाहर रखा है। बंद सुबह 8 बजे से मध्यरात्रि तक प्रभावी रहने की बात कही गई है।

सरकार और कांग्रेस ने बीजेपी पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बीजेपी पर छात्रों को राजनीतिक लाभ के लिए गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने आंदोलनकारी छात्रों से बातचीत और विश्वास के जरिए समस्याओं का समाधान निकालने की अपील की है।

वहीं कांग्रेस ने भी बीजेपी के बंद को राजनीतिक कदम बताया है। कांग्रेस का कहना है कि छात्रों के साथ हुई घटना गंभीर है और यदि पुलिस ने अनावश्यक बल प्रयोग किया है तो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। पार्टी ने दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।

बीजेपी का कहना है कि छात्रों की मांगों को स्वीकार करने और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच कराने के लिए सरकार पर दबाव बनाया जाएगा।

Exit mobile version