Site icon AB News24.in

Kanker Bear Attack: कांकेर में भालू का हमला… भाई-बहन की दर्दनाक मौत

कांकेर, 06 अगस्त। Kanker Bear Attack: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में मादा भालू के हमले से दो अलग-अलग घटनाओं में भाई-बहन समेत तीन लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रायपुर से बुलाई गई विशेषज्ञ टीम की मदद से मादा भालू को बेहोश कर पकड़ लिया।

पहली घटना नरहरपुर वन परिक्षेत्र के मरकाटोला-लरगांव स्थित स्कूल के पास जंगल में हुई, जहां मादा भालू ने अचानक हमला कर भाई और बहन की जान ले ली। वहीं दूसरी घटना गवरसिल्ली गांव में हुई, जहां खेत में काम कर रहे हलालखोर जुर्री (45), चमरीन जुर्री (40) और सोरिन जुर्री (30) पर भालू ने हमला कर दिया। इस हमले में एक महिला की भी मौत हो गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मादा भालू अपने शावक की मौत के बाद से आक्रामक व्यवहार कर रही थी और उसी कारण लगातार लोगों पर हमला कर रही थी। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया।

वन विभाग ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रायपुर से विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम बुलाई। टीम ने मादा भालू को ट्रैंक्विलाइज़र (बेहोशी का इंजेक्शन) देकर काबू किया और पिंजरे में सुरक्षित बंद कर लिया। इस दौरान गुस्साए ग्रामीणों ने भालू को घेर लिया और उसके साथ मारपीट भी की।

वन विभाग ने लोगों से जंगल क्षेत्र में सावधानी बरतने और वन्यजीवों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। मामले की जांच की जा रही है।

Exit mobile version