कांकेर, 27 जुलाई। Kanker News: जिले में मलेरिया का प्रकोप एक बार फिर चिंता का विषय बन गया है। 24 घंटे के भीतर दो बच्चों की मौत ने स्वास्थ्य विभाग और छात्रावासों में मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस बीच मर्दापोटी और इरादाह छात्रावास में जांच के दौरान 10 बच्चे मलेरिया संक्रमित पाए गए हैं|
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, संक्रमित बच्चों में से तीन को एमसीएच अस्पताल कांकेर में भर्ती कराया गया था। इनमें चौथी कक्षा के छात्र सुभाष की रविवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से बीमार विक्रम मंडावी और तामेश्वर भास्कर को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। शेष सात बच्चों का उपचार डॉक्टरों की निगरानी में किया जा रहा है।
मलेरिया के मामले सामने आने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित छात्रावासों में निगरानी बढ़ा दी है। बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच की जा रही है और उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। साथ ही मलेरिया की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम भी उठाए जा रहे हैं।
छात्रावासों में बच्चों के बीच मलेरिया संक्रमण फैलने से अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। लगातार सामने आ रहे मामलों के बीच छात्रावासों में साफ-सफाई, मच्छर नियंत्रण और समय पर स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि संक्रमित बच्चों के उपचार के साथ-साथ अन्य विद्यार्थियों में संक्रमण की पहचान और बीमारी के प्रसार को रोकने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गंभीर मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए रायपुर रेफर किया गया है।

