Site icon AB News24.in

Kaveri Vivad: कावेरी जल विवाद में तमिलनाडु को सुप्रीम कोर्ट से झटका… 11 टीएमसी पानी की मांग खारिज

नई दिल्ली, 21 नवम्बर। Kaveri Vivad: कावेरी नदी के पानी को लेकर तमिलनाडु और कर्नाटक के बीच जारी विवाद में तमिलनाडु सरकार को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। अदालत ने कर्नाटक को 11 हजार मिलियन क्यूबिक फीट (11 टीएमसी) अतिरिक्त पानी छोड़ने का निर्देश देने की मांग वाली याचिकाएं खारिज कर दी हैं। कोर्ट ने कर्नाटक पर अतिरिक्त पानी छोड़ने का दबाव बनाने से भी इनकार कर दिया है।

तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में दलील दी थी कि राज्य में पानी की कमी के कारण किसानों को परेशानी हो रही है और फसलें प्रभावित हो रही हैं। इसी आधार पर सरकार ने कर्नाटक से 11 टीएमसी अतिरिक्त पानी दिलाने की मांग की थी।

सुप्रीम कोर्ट ने क्या कहा?

जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की पीठ ने तमिलनाडु सरकार की याचिकाओं को खारिज कर दिया। इसके साथ ही अतिरिक्त दस्तावेज रिकॉर्ड पर लाने के लिए दाखिल तीसरी अर्जी को भी स्वीकार नहीं किया गया।

इससे पहले 12 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु की दो अर्जियों पर अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। सुनवाई के दौरान कर्नाटक सरकार ने भी अतिरिक्त 11 टीएमसी पानी छोड़ने में कठिनाई होने की बात कही थी।

क्यों अहम है कावेरी जल विवाद?

कावेरी नदी के पानी के बंटवारे को लेकर तमिलनाडु और कर्नाटक के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। दोनों राज्य अपनी जरूरतों और किसानों के हितों को देखते हुए नदी के पानी पर अधिकार की मांग करते रहे हैं।

कावेरी का पानी दोनों राज्यों के लिए खेती और पेयजल की जरूरतों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। यही वजह है कि पानी के बंटवारे को लेकर समय-समय पर दोनों राज्यों के बीच तनाव की स्थिति बनती रही है।

Exit mobile version