मुंबई, 05 अक्टूबर। Khatron Ke Khiladi 15: टीवी के चर्चित स्टंट रियलिटी शो खतरों के खिलाड़ी 15 का ग्रैंड फिनाले पूरा हो गया है। मुश्किल स्टंट और कड़ी चुनौतियों के बीच अविनाश मिश्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीजन 15 की ट्रॉफी अपने नाम कर ली। फाइनल मुकाबले में उन्होंने ऋत्विक धनजानी और ओरी को पीछे छोड़कर खिताब जीता।
अविनाश की जीत के साथ उन्हें कई बड़े इनाम भी मिले। उन्हें 20 लाख रुपये की प्राइज मनी, मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार और यूरोप ट्रिप दी गई। जीत का ऐलान होते ही अविनाश भावुक नजर आए।
तीन कंटेस्टेंट के बीच हुआ फाइनल मुकाबला
ग्रैंड फिनाले में कुल पांच कंटेस्टेंट पहुंचे थे, जिनमें फरहाना भट्ट, ओरी, अविनाश मिश्रा, ऋत्विक धनजानी और करण वाही शामिल थे। शुरुआती स्टंट के बाद फरहाना भट्ट और करण वाही मुकाबले से बाहर हो गए। इसके बाद ट्रॉफी की रेस अविनाश, ओरी और ऋत्विक धनजानी के बीच रह गई।
आखिरी स्टंट में अविनाश ने मारी बाजी
टॉप-3 कंटेस्टेंट के लिए फाइनल टास्क में कई मुश्किल चुनौतियां रखी गई थीं। स्टंट की शुरुआत हेलीकॉप्टर से छलांग लगाने से हुई। इसके बाद खिलाड़ियों को जेट स्की चलानी थी और तैरकर तय किए गए एंड-पॉइंट तक पहुंचना था।
तीनों खिलाड़ियों ने पूरा दम लगाया, लेकिन अविनाश मिश्रा ने सबसे कम समय में फाइनल टास्क पूरा कर लिया। ओरी और ऋत्विक धनजानी को उनसे ज्यादा समय लगा। इसके बाद शो के होस्ट रोहित शेट्टी ने अविनाश को विजेता घोषित किया।
10 साल के सफर के बाद मिली बड़ी ट्रॉफी
ट्रॉफी जीतने के बाद अविनाश भावुक हो गए। उन्होंने अपनी जीत को करीब 10 साल के करियर की खास उपलब्धि बताया। इससे पहले भी वह कई रियलिटी शो में नजर आ चुके हैं और फिनाले तक पहुंचे, लेकिन बड़ी ट्रॉफी जीतने का उनका इंतजार जारी था।


