रायपुर, 08 अगस्त। Koshal Fab Handloom Brand Launch: राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राज्य स्तरीय बुनकर सम्मेलन एवं स्वदेशी प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। उन्होंने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक हथकरघा उत्पादों को देश-दुनिया में पहचान दिलाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ राज्य हथकरघा संघ के नए प्रीमियम ब्रांड ‘कोशल फैब’ (Koshal Fab) का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान हथकरघा इन्वेंट्री मैनेजमेंट सॉफ्टवेयर का भी लोकार्पण किया। कार्यक्रम में रेशम, हथकरघा, हस्तशिल्प, खादी और माटीकला बोर्ड के हितग्राहियों तथा मेधावी छात्र-छात्राओं को 10 करोड़ 90 लाख रुपये से अधिक की अनुदान, छात्रवृत्ति और पुरस्कार राशि वितरित की गई।
कार्यक्रम में बस्तर की आत्मसमर्पित नक्सली महिलाओं ने पारंपरिक कोसा सिल्क के परिधानों में स्वदेशी फैशन शो में रैंप वॉक किया। इसे उनके सम्मानजनक पुनर्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा गया।
प्रदर्शनी के निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री साय ने हथकरघा स्टॉल से कोसा साड़ी खरीदकर तत्काल भुगतान किया। उन्होंने लोगों से स्थानीय हथकरघा उत्पादों को बढ़ावा देने और ‘सेल्फी विद स्वदेशी’ अभियान से जुड़ने की अपील की।
सरकार के अनुसार, छत्तीसगढ़ हैंडलूम के शोरूम देश के 5 प्रमुख हवाई अड्डों पर खोले जा रहे हैं। वहीं नवा रायपुर में गारमेंट इकाई स्थापित की जा रही है, जिससे 4,500 से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, ग्रामोद्योग मंत्री गजेंद्र यादव, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में बुनकर एवं शिल्पकार मौजूद रहे।

