कोटा, 26 अगस्त। Kota: मध्य प्रदेश की 20 वर्षीय NEET अभ्यर्थी खुशबू पटेल की कोटा स्थित किराए के अपार्टमेंट में आत्महत्या कर ली। इस बात की जानकारी पुलिस ने बुधवार को दी। पुलिस के अनुसार, खुशबू अपनी छोटी बहन के साथ रहकर दूसरी बार मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थी।
पुलिस के मुताबिक, खुशबू की छोटी बहन रात करीब 9 बजे क्लास के बाद फ्लैट पर लौटी। दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार खटखटाने के बाद भी जवाब नहीं मिला, जिसके बाद उसने दोस्तों, सिक्योरिटी गार्ड और पड़ोसियों से मदद मांगी। ताला खोलकर अंदर जाने पर खुशबू गंभीर हालत में मिली। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मौत की वजह की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि खुशबू अपने पिछले NEET-UG परीक्षा में करीब 450 अंक आने को लेकर तनाव में थी, हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि अंतिम कारण के रूप में नहीं की है।
असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर अनिल कुमार के मुताबिक, खुशबू के दादा देशराज पटेल की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया। मामले की आगे जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, इस साल जनवरी से कोटा में कोचिंग छात्रों की मौत का यह आठवां मामला बताया जा रहा है।

