कोटा, 17 अक्टूबर। Kota Road Accident: राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। मध्य प्रदेश के बैतूल से खाटू श्यामजी के दर्शन के लिए जा रही यात्रियों से भरी ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पुलिया से करीब 20 फीट नीचे बरसाती नाले में जा गिरी। हादसे में 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग घायल हुए हैं।
नींद की झपकी आने से वाहन बेकाबू होने की आशंका
पुलिस के मुताबिक, हादसा सुबह करीब 7 बजे सिमलिया थाना क्षेत्र में हुआ। ट्रैवलर कराड़िया टोल प्लाजा पार करने के बाद सुल्तानपुर की ओर जा रही थी। शुरुआती जानकारी के अनुसार, चालक को नींद की झपकी आने से वाहन अनियंत्रित हो गया। इसके बाद ट्रैवलर डिवाइडर तोड़ते हुए पुलिया से नीचे जा गिरी और नाले की दीवार से टकरा गई।
क्रेन की मदद से निकाला गया वाहन
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, ग्रामीण, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की रेस्क्यू टीम और एंबुलेंस कर्मचारी मौके पर पहुंचे। ट्रैवलर नाले में फंस गई थी, जिसके कारण यात्रियों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में क्रेन की मदद से वाहन को बाहर निकाला गया।
घायलों को कोटा मेडिकल कॉलेज के नए अस्पताल और एमबीएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बैतूल से खाटू श्यामजी दर्शन के लिए निकला था समूह
ट्रैवलर में सवार ज्यादातर यात्री मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के निवासी थे। सभी शुक्रवार रात खाटू श्यामजी के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। हादसे की खबर से क्षेत्र में शोक का माहौल है।

