Site icon AB News24.in

Kulgam Encounter: मस्जिद में छिपा था लतीफ… सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में किया ढेर

कुलगाम, 18 नवम्बर। Kulgam Encounter: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर मोहम्मद लतीफ भट को मार गिराया है। उसे 11 नवंबर को CRPF जवानों पर हुए हमले का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है। इस हमले में तीन जवान घायल हुए थे। मुठभेड़ के बाद का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लतीफ का शव जमीन पर पड़ा दिखाई दे रहा है।

जानकारी के मुताबिक, कुलगाम के जांगलपोरा इलाके में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और CRPF ने संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया था। इस दौरान लतीफ एक मस्जिद में जाकर छिप गया। सुरक्षाबलों ने उसे आत्मसमर्पण करने का मौका दिया।

कुलगाम के एसएसपी अनायत अली ने वीडियो कॉल के जरिए भी लतीफ से बातचीत की और उसे हथियार डालने के लिए समझाया, लेकिन उसने सरेंडर करने से इनकार कर दिया।

टियर गैस के बाद मस्जिद से बाहर निकला आतंकी

पुलिस के मुताबिक, धार्मिक स्थल को नुकसान से बचाने के लिए सुरक्षाबलों ने काफी संयम बरता। लतीफ को मस्जिद से बाहर निकालने के लिए अंदर टियर गैस के गोले छोड़े गए। इसके बाद रात करीब 2:45 बजे उसने फायरिंग शुरू कर दी। मस्जिद से बाहर निकलने पर सुरक्षाबलों ने उसे मार गिराया।

22 साल का था लतीफ, 2025 में लश्कर में हुआ था शामिल

मोहम्मद लतीफ भट की उम्र 22 साल थी और वह कुलगाम के खरेवन चाडेर का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार, वह 18 नवंबर 2025 को लश्कर-ए-तैयबा में शामिल हुआ था।

उसका साथी उमर निसार भट भी 16 नवंबर को सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में मारा गया था। फिलहाल इलाके में तलाशी अभियान जारी है। सुरक्षाबल अन्य संभावित आतंकियों की तलाश कर रहे हैं।

Exit mobile version