Site icon AB News24.in

Kulgam Road Accident: कुलगाम में CRPF के बंकर वाहन को ट्रक ने मारी टक्कर… 5 जवान घायल

कुलगाम, 18 अगस्त। Kulgam Road Accident: दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में मंगलवार सुबह जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक सड़क हादसे में CRPF के पांच जवान घायल हो गए। हादसा काजीगुंड के लेवडोरा इलाके में हुआ, जहां विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक ने CRPF के बंकर वाहन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बंकर वाहन सड़क पर पलट गया।

अधिकारियों के मुताबिक, ट्रक नंबर JK02DU-4386 ने लेवडोरा इलाके में CRPF के बंकर वाहन JK02CG-5795 को टक्कर मारी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों और सुरक्षाकर्मियों की मदद से घायल जवानों को वाहन से बाहर निकाला गया।

पांच जवान घायल, सभी की हालत स्थिर

हादसे में घायल पांचों जवानों को तत्काल काजीगुंड स्थित 163वीं बटालियन CRPF के MI Room ले जाया गया। अधिकारियों के अनुसार, सभी जवानों को मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।

घायल जवानों की पहचान इंस्पेक्टर राज कुमार तिवारी, सब इंस्पेक्टर राजिंदर सिंह, सहायक सब इंस्पेक्टर लोवेंडय, सहायक सब इंस्पेक्टर उमेश कुमार और हेड कांस्टेबल ड्राइवर वीरेंद्र के रूप में हुई है।

हादसे की जांच में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, ट्रक की गति, दोनों वाहनों की दिशा और टक्कर की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए मौके से मिले साक्ष्यों की जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

Exit mobile version