Site icon AB News24.in

Kulgam Terror Attack: कश्मीर में छत्तीसगढ़ के 2 मजदूरों की हत्या… नाम पूछकर आतंकियों ने मारी गोली

जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों की गोली मारकर हत्या कर दी। शुरुआती जांच के अनुसार, आतंकियों ने पहले मजदूरों से नाम पूछकर उनकी प

कश्मीर में छत्तीसगढ़

जम्मू-कश्मीर, 1 अगस्त। Kulgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों की गोली मारकर हत्या कर दी। शुरुआती जांच के अनुसार, आतंकियों ने पहले मजदूरों से नाम पूछकर उनकी पहचान की और हिंदू होने पर उन्हें अलग कर नजदीक से गोली मार दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों ने क्षेत्र की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

पुलिस के मुताबिक, हमला कुलगाम से करीब 20 किलोमीटर दूर केलाम इलाके में स्थित एक ईंट भट्ठे पर रात करीब 8:30 बजे हुआ। मृतकों की पहचान सक्ती जिले के दीपक रात्रे (24) और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के भूपेंद्र भैना (28) के रूप में हुई है। दोनों रोजगार की तलाश में जम्मू-कश्मीर गए थे और ईंट भट्ठे पर मजदूरी कर रहे थे।

नाम पूछकर की पहचान, फिर चलाई गोलियां

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय वहां कई प्रवासी मजदूर मौजूद थे। आतंकियों ने सभी से नाम पूछकर पहचान की और हिंदू मजदूरों को अलग करने के बाद उन पर 3 से 4 राउंड फायरिंग की। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि हमले से पहले आतंकियों ने इलाके की रेकी की थी। जांच एजेंसियां एक स्थानीय और एक विदेशी आतंकी की संभावित भूमिका की जांच कर रही हैं। फिलहाल किसी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी

घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। वाहनों की सघन जांच की जा रही है और संदिग्धों की तलाश में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां हमले के हर पहलू की गहन जांच कर रही हैं।

मुख्यमंत्री साय ने जताया शोक

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस घटना को कायराना आतंकी हमला बताते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने अधिकारियों को पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार मृतकों के परिजनों के साथ खड़ी है। राज्य सरकार जम्मू-कश्मीर प्रशासन के लगातार संपर्क में है और पीड़ित परिवारों तक हरसंभव मदद पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है।

Exit mobile version