भुवनेश्वर, 21 सितम्बर। Lingaraj Temple: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भुवनेश्वर प्रवास के दौरान प्रसिद्ध भगवान लिंगराज मंदिर पहुंचकर सपत्नीक दर्शन-पूजन किया। उन्होंने विधि-विधान से भगवान लिंगराज की पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ के नागरिकों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान लिंगराज के दर्शन और उनकी पावन भूमि पर आने का सौभाग्य मिला। मंदिर परिसर का आध्यात्मिक वातावरण मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा से भर देता है। उन्होंने भगवान लिंगराज से छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति और प्रदेश के हर परिवार के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
मुख्यमंत्री ने लिंगराज मंदिर की भव्य स्थापत्य कला की सराहना करते हुए कहा कि भारत के प्राचीन मंदिर केवल आस्था के केंद्र नहीं हैं, बल्कि देश की हजारों वर्ष पुरानी सभ्यता, संस्कृति और शिल्प परंपरा के जीवंत प्रतीक भी हैं। लिंगराज मंदिर की वास्तुकला सनातन संस्कृति की समृद्ध विरासत को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि ओडिशा और छत्तीसगढ़ पड़ोसी राज्य होने के साथ-साथ सांस्कृतिक और आध्यात्मिक रूप से भी एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं। दोनों राज्यों की लोक परंपराओं, आस्था और सांस्कृतिक विरासत में कई समानताएं हैं। ऐसी यात्राएं दोनों राज्यों के बीच साझा सांस्कृतिक चेतना और आत्मीय संबंधों को और मजबूत करती हैं।

