Site icon AB News24.in

Liquor Seizure: नाकेबंदी में 45 पेटी शराब और स्कॉर्पियो जब्त… आरोपी गाड़ी छोड़कर फरार

राजनांदगांव, 03 अक्टूबर। Liquor Seizure: डोंगरगढ़ में दूसरे राज्य की शराब खपाने का मामला एक बार फिर सामने आया है। आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब की 45 पेटियां जब्त की हैं। शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही रायपुर पासिंग स्कॉर्पियो को भी कब्जे में लिया गया है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान वाहन में सवार आरोपी स्कॉर्पियो छोड़कर मौके से फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, आबकारी विभाग को मुखबिर से पहले ही सूचना मिली थी कि मध्यप्रदेश निर्मित शराब को वाहन के जरिए क्षेत्र से बाहर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने प्रभारी अनिल सिंह के नेतृत्व में झिंझारी और मडियान रोड के बीच नाकेबंदी की।

इसी दौरान टीम ने संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली। वाहन से मध्यप्रदेश निर्मित अंग्रेजी शराब की करीब 45 पेटियां बरामद हुईं। टीम ने शराब जब्त करने के साथ स्कॉर्पियो को भी अपने कब्जे में ले लिया। हालांकि, वाहन में सवार लोग मौके से फरार होने में कामयाब रहे।

अब आबकारी विभाग फरार आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटा है। इस कार्रवाई में शराब और वाहन तो जब्त हो गया, लेकिन आरोपियों के फरार होने को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। जब विभाग को पहले से सूचना थी और संभावित रास्ते पर नाकेबंदी की गई थी, तो आरोपी मौके से कैसे निकल गए, इसे लेकर जांच की जा रही है।

शराब की खेप के पीछे नेटवर्क की भी जांच

मामले में अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब मध्यप्रदेश से कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। 45 पेटियों की बड़ी खेप मिलने के बाद इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Exit mobile version