रायपुर, 21 अक्टूबर। Maa Durga Visarjan: राजधानी रायपुर में विजयादशमी के अवसर पर मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला जारी है। महादेवघाट स्थित खारून नदी के पाटन पुलिया के पास नगर निगम द्वारा बनाए गए विशेष विसर्जन कुंड में श्रद्धालु विधि-विधान और आस्था के साथ प्रतिमाओं का विसर्जन कर रहे हैं। बुधवार दोपहर 1 बजे तक कुल 790 दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा चुका है।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
प्रतिमा विसर्जन के लिए नगर निगम और जिला प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विसर्जन स्थल पर गोताखोरों, क्रेन और ट्रैक्टर-ट्रॉली की व्यवस्था की गई है।
प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में शहर के विभिन्न दुर्गा पंडालों से पहुंचने वाली प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जा रहा है। व्यवस्था का उद्देश्य विसर्जन प्रक्रिया को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाए रखना है।

