Site icon AB News24.in

Mahadev App Betting Case: महादेव सट्टा ऐप मामले में बड़ी कार्रवाई… रवि उप्पल को लाने दुबई पहुंची CBI

रायपुर, 06  नवम्बर। Mahadev App Betting Case: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में जांच एजेंसियों ने कार्रवाई तेज कर दी है। नेटवर्क के सह-संस्थापक और प्रमुख आरोपी रवि उप्पल को भारत लाने के लिए CBI की टीम दुबई पहुंच गई है। बताया जा रहा है कि दुबई में कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद उसे भारत लाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

जानकारी के मुताबिक, CBI की टीम दुबई के अधिकारियों के साथ समन्वय कर रही है। जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद रवि उप्पल को विशेष विमान या सुरक्षा व्यवस्था के तहत भारत लाया जा सकता है। भारत पहुंचने के बाद उसे रायपुर की विशेष अदालत में पेश किए जाने की तैयारी है।

महादेव ऐप सिंडिकेट की अहम कड़ी है रवि उप्पल

भिलाई निवासी रवि उप्पल को महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप नेटवर्क का प्रमुख चेहरा माना जाता है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, वह नेटवर्क के संचालन और कथित हवाला लेनदेन से जुड़ी गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था। एजेंसियों को उम्मीद है कि उससे पूछताछ में अवैध कमाई और विदेशों में हुए वित्तीय लेनदेन से जुड़ी अहम जानकारियां मिल सकती हैं।

इससे पहले मामले के एक अन्य प्रमुख आरोपी सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाने की प्रक्रिया भी चर्चा में रही है।

6 हजार करोड़ रुपये से अधिक की मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप

जांच एजेंसियों के मुताबिक, महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप की शुरुआत वर्ष 2016 में सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल और उनके साथियों ने की थी। इस प्लेटफॉर्म के जरिए क्रिकेट सहित कई खेलों और ऑनलाइन गेम्स पर कथित तौर पर सट्टा लगाया जाता था।

इस मामले में जांच एजेंसियां 6 हजार करोड़ रुपये से अधिक की कथित मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रही हैं। रवि उप्पल को भारत लाए जाने के बाद पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई से मामले में कई अहम जानकारियां सामने आने की संभावना है।

Exit mobile version