रायपुर, 19। Mahadev Betting Case: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में जांच एजेंसियों ने कार्रवाई तेज कर दी है। फरार चल रहे शुभम सोनी के खिलाफ ED की स्पेशल कोर्ट ने गैर-जमानती वारंट जारी किया है। वहीं, ऐप के मुख्य प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को 19 नवंबर यानी आज रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा। उसकी रिमांड खत्म होने के बाद ED और CBI से जुड़े मामलों में अलग-अलग सुनवाई होगी।
शुभम सोनी ने लगाए थे 508 करोड़ रुपये देने के आरोप
शुभम सोनी नवंबर 2023 में एक वीडियो जारी करने के बाद चर्चा में आया था। उसने खुद को महादेव ऐप का असली मालिक बताते हुए दावा किया था कि तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कहने पर वह दुबई गया था। सोनी ने वीडियो में 508 करोड़ रुपये प्रोटेक्शन मनी के तौर पर पहुंचाने का आरोप भी लगाया था। हालांकि, ये उसके द्वारा लगाए गए आरोप थे।
ED दोबारा मांग सकती है सौरभ की रिमांड
सौरभ चंद्राकर से ED ने उसके सहयोगियों के बयान, डिजिटल डेटा और विदेश में संचालित कंपनियों के दस्तावेजों के आधार पर पूछताछ की है। बताया जा रहा है कि एजेंसी आगे की पूछताछ के लिए दोबारा कस्टोडियल रिमांड की मांग कर सकती है। इसके अलावा, मामले में कुछ पुलिस अधिकारियों को भी पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाए जाने की जानकारी सामने आई है।
हजारों करोड़ की संपत्तियां जांच के दायरे में
ED के अनुसार, महादेव सट्टा ऐप मामले में अब तक करीब 190 ठिकानों पर छापेमारी की जा चुकी है। जांच एजेंसी लगभग 2,000 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त या फ्रीज कर चुकी है, जबकि करीब 3,500 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच की गई हैं। इनमें विदेशों में स्थित लगभग 1,800 करोड़ रुपये की संपत्तियां भी शामिल हैं। दुबई में 22 अचल संपत्तियों को भी अटैच किया गया है।
इसके अलावा, सौरभ चंद्राकर की दुबई में हुई शादी पर करीब 200 करोड़ रुपये खर्च होने का दावा भी ED की जांच का हिस्सा है।

