Mahadev Satta App: सट्टे की कमाई से 1,175 करोड़ की अमेरिकी कंपनी खरीदी… विकास गर्ग 10 दिन की रिमांड पर

Mahadev Satta App: सट्टे की कमाई से 1,175 करोड़ की अमेरिकी कंपनी खरीदी… विकास गर्ग 10 दिन की रिमांड पर

रायपुर, 16 जुलाई। Mahadev Satta App: महादेव सट्टा ऐप और स्काई एक्सचेंज बेटिंग ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में रायपुर की PMLA स्पेशल कोर्ट ने EBIX चेयरमैन विकास गर्ग को 24 जुलाई तक 10 दिन की ED रिमांड पर भेज दिया है। ED ने मंगलवार को विकास गर्ग को नई दिल्ली से गिरफ्तार किया था, जिसके बाद ट्रांजिट रिमांड लेकर उसे रायपुर लाया गया।

ED का आरोप है कि सट्टे से कमाए गए पैसों को शेल कंपनियों और विदेशी निवेश के जरिए खपाया गया। जांच एजेंसी के मुताबिक, FDI और FPI जैसे निवेश माध्यमों के जरिए रकम को घुमाकर बाद में लिस्टेड कंपनियों में लगाया गया।

जांच में सामने आया कि इसी नेटवर्क के जरिए करीब 1,175 करोड़ रुपए में अमेरिकी सॉफ्टवेयर कंपनी EBIX Inc. की हिस्सेदारी खरीदी गई। ED का दावा है कि अवैध धन को दुबई, मॉरीशस, अमेरिका और ब्रिटेन की कंपनियों के माध्यम से भारत लाया गया और निवेश के रूप में दिखाया गया।

ED के मुताबिक, विकास गर्ग का नाम स्काई एक्सचेंज नेटवर्क और हरीशंकर टिंबरेवाल से जुड़े मामले में सामने आया है। एजेंसी का आरोप है कि विदेशी कंपनियों के जरिए करोड़ों रुपए ट्रांसफर किए गए, जिनका इस्तेमाल EBIX खरीदने में किया गया।

ED ने इस मामले में अब तक करीब 940.77 करोड़ रुपए की संपत्तियां अटैच की हैं। इसमें EBIX में Eraaya Lifespaces की हिस्सेदारी और अन्य अचल संपत्तियां शामिल हैं।

जांच एजेंसी का कहना है कि विकास गर्ग से पूछताछ कर मनी ट्रेल, विदेशी निवेश और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जाएगी। कोर्ट ने ED को 10 दिन की कस्टोडियल रिमांड मंजूर कर दी है।

राज्य खबर