रायपुर, 1 अक्टूबर। Mahanadi Water Dispute: छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच लंबे समय से चले आ रहे महानदी जल विवाद को लेकर आज दिल्ली में अहम बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे। इसमें छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी शामिल होंगे।
बैठक में दोनों राज्यों के मुख्य सचिवों और वरिष्ठ अधिकारियों की भी मौजूदगी रहेगी। इस दौरान महानदी के जल बंटवारे से जुड़े मुद्दों और विवाद के समाधान की संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।
जल विवाद के समाधान पर रहेगा जोर
महानदी छत्तीसगढ़ और ओडिशा दोनों राज्यों के लिए महत्वपूर्ण नदी है। इसके जल के उपयोग और बंटवारे को लेकर दोनों राज्यों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है।
दिल्ली में होने वाली इस बैठक में विवाद के समाधान के लिए आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा। दोनों राज्यों के बीच सहमति बनाने और जल संसाधनों के बेहतर प्रबंधन से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।

