महासमुंद, 13 सितम्बर। Mahasamund: जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत सिंघोड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कंटेनर से 120 किलो 60 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 60 लाख 3 हजार रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एनएच-53 स्थित रेहटीखोल के पास हरे-पीले रंग के कंटेनर क्रमांक GJ 06 AV 4815 को रोककर तलाशी ली। कंटेनर के पिछले हिस्से में रखी चार प्लास्टिक बोरियों से गांजा बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक, गांजा ओडिशा के संबलपुर से गुजरात ले जाया जा रहा था। मामले में गुजरात निवासी वसीम शाह और अय्युब खान को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने गांजे के अलावा आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और कंटेनर वाहन भी जब्त किया है। जब्त सामान और वाहन की कुल कीमत करीब 70 लाख 8 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
सिंघोड़ा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले में गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने के लिए आगे की जांच कर रही है।

