महासमुंद, 18 नवम्बर। Mahasamund Jail Death: छत्तीसगढ़ की महासमुंद जिला जेल एक बार फिर सवालों के घेरे में है। जेल से चार कैदियों के फरार होने की घटना के बाद अब एक विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान बिलासपुर के तिफरा स्थित यदुनंदन नगर निवासी सैय्यद अशफाक के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, वह साल 2023 से एनडीपीएस एक्ट के मामले में महासमुंद जिला जेल में बंद था। अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने पर जेल प्रबंधन उसे अस्पताल ले जा रहा था। शुरुआती तौर पर मौत की वजह हार्ट अटैक होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
चार कैदियों के फरार होने के बाद दूसरी घटना
गौरतलब है कि 16 नवंबर की सुबह करीब 4 बजे महासमुंद जिला जेल से चार कैदी दीवार फांदकर फरार हो गए थे। फरार कैदियों में धर्मवीर, लीलाधर और राजेंद्र एनडीपीएस एक्ट के मामलों में बंद थे, जबकि पंचराम चोरी के मामले में आरोपी था।
घटना के बाद पुलिस ने फरार कैदियों की तलाश शुरू की। इस दौरान एक कैदी को सरायपाली इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि बाकी तीन की तलाश अब भी जारी है।
जेल की सुरक्षा और व्यवस्था पर उठे सवाल
महासमुंद जिला जेल में लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था और कैदियों की निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहले चार कैदियों के फरार होने और अब एक विचाराधीन कैदी की मौत से जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली चर्चा में है।
फिलहाल कैदी की मौत के मामले में पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी।

