महासमुंद, 24 अक्टूबर। Mahasamund News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय महासमुंद जिले के बसना विकासखंड अंतर्गत ग्राम गढ़फुलझर पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा बिसाशहे कुल कोलता समाज द्वारा आयोजित वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं बंधु मिलन कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने गढ़फुलझर स्थित रामचंडी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

रामचंडी मंदिर में की पूजा-अर्चना
कार्यक्रम में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ग्राम गढ़फुलझर स्थित रामचंडी मंदिर पहुंचकर मां रणेश्वर रामचंडी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां से छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति, प्रदेशवासियों की खुशहाली और सभी के मंगलमय जीवन की कामना की।

स्नेह सम्मेलन में जुटे समाजजन और जनप्रतिनिधि
बाबा बिसाशहे कुल कोलता समाज के वार्षिक स्नेह सम्मेलन एवं बंधु मिलन कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के लोगों के बीच आपसी मेल-मिलाप और सामाजिक जुड़ाव को बढ़ावा देना रहा।
कई जनप्रतिनिधि भी रहे मौजूद
इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद धर्मेंद्र प्रधान, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, विधायक पुरन्दर मिश्रा और विधायक संपत अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में समाज के लोगों की भागीदारी देखने को मिली।


