Site icon AB News24.in

Mahasamund Rozgar Mela: बेरोजगार युवाओं के लिए नौकरी का मौका… 299 पदों पर भर्ती

महासमुंद, 19 नवम्बर। Mahasamund Rozgar Mela: जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए नौकरी पाने का अवसर है। रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र की ओर से 19 नवंबर आज जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले के माध्यम से निजी क्षेत्र की अलग-अलग कंपनियों में कुल 299 पदों पर भर्ती की जाएगी।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार रोजगार मेला शासकीय महाप्रभु वल्लभाचार्य स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मचेवा में आयोजित होगा। मेला सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगा। उप संचालक रोजगार डॉ. शशिकला अतुलकर के अनुसार, इसमें पांच निजी संस्थाएं युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी।

इन पदों पर होगी भर्ती

रोजगार मेले में स्टार आदर्श होम हेल्थ केयर सर्विसेस सोसायटी, पुष्कल एग्रोटेक लिमिटेड, अलर्ट एसजीएस प्राइवेट लिमिटेड, एनआईआईटी लिमिटेड और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) शामिल होंगी।

इन कंपनियों में बेबी सिटर, केयर टेकर, नर्सिंग स्टाफ, सेल्स रिप्रेजेंटेटिव, सिक्योरिटी गार्ड, पर्यवेक्षक, सहायक पर्यवेक्षक और रिलेशनशिप मैनेजर के पदों पर भर्ती की जाएगी। योग्यता के तौर पर 10वीं, 12वीं, स्नातक, बीएससी नर्सिंग और बीएससी कृषि उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकेंगे।

ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य

रोजगार मेले में शामिल होने के लिए इच्छुक अभ्यर्थियों को छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल https://erojgar.cg.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। बिना ऑनलाइन आवेदन के अभ्यर्थियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार भाग लेने में परेशानी हो सकती है।

आवेदकों को मेले में शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण पत्र, रोजगार पंजीयन प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बायोडाटा की छायाप्रति और पासपोर्ट साइज फोटो लेकर पहुंचना होगा।

पदों के अनुसार शैक्षणिक योग्यता, वेतनमान, कार्यस्थल और रिक्तियों की विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला रोजगार कार्यालय महासमुंद या रोजगार विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Exit mobile version