रायपुर, 25 अगस्त। Mahatari Vandan Yojana: रक्षाबंधन से पहले छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश की महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त निर्धारित समय से पहले जारी कर दी है। इसके तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 1,000 रुपये की राशि भेजी जा रही है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 25 अगस्त को बालोद जिले में आयोजित मातृ शक्ति सम्मान समारोह-2026 में शिरकत की। इसी दौरान उन्होंने महतारी वंदन योजना की राशि जारी की। सरकार के मुताबिक रक्षाबंधन से पहले पात्र महिलाओं के खातों में राशि पहुंच जाएगी, जिससे त्योहार के दौरान उन्हें आर्थिक सहायता मिल सकेगी।
महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता DBT के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में दी जाती है। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। महिलाएं इस राशि का उपयोग अपनी जरूरत के अनुसार कर सकती हैं।
किन महिलाओं को मिलता है योजना का लाभ
महतारी वंदन योजना का लाभ छत्तीसगढ़ की पात्र स्थानीय महिलाओं को दिया जाता है। इसमें विवाहित, विधवा, तलाकशुदा और परित्यक्ता महिलाएं शामिल हैं। विवाहित महिला के लिए शर्त है कि जिस वर्ष आवेदन किया जा रहा है, उस वर्ष 1 जनवरी को उसकी उम्र कम से कम 21 वर्ष हो।
योजना का लाभ लेने के लिए आधार कार्ड, मोबाइल नंबर और बैंक खाते जैसे जरूरी दस्तावेजों की आवश्यकता होती है। बैंक खाता और मोबाइल नंबर लिंक होना भी जरूरी है।
हर महीने मिलती है 1,000 रुपये तक की सहायता
योजना के तहत पात्र महिला को हर महीने 1,000 रुपये की राशि DBT के जरिए सीधे बैंक खाते में भेजी जाती है। वहीं, सामाजिक सहायता पेंशन योजना के तहत जिन महिलाओं को 1,000 रुपये से कम पेंशन मिलती है, उन्हें दोनों योजनाओं के बीच की राशि का अंतर महतारी वंदन योजना के तहत दिया जाता है।
उदाहरण के तौर पर यदि किसी महिला को सामाजिक सहायता पेंशन के रूप में 600 रुपये मिलते हैं, तो महतारी वंदन योजना के तहत उसे 400 रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे, ताकि कुल सहायता राशि 1,000 रुपये हो सके।

