Site icon AB News24.in

Mahoba Child Death: महोबा में दर्दनाक हादसा… पानी से भरे गड्ढे में डूबे 3 बच्चों की मौत

महोबा, 07 सितम्बर। Mahoba Child Death: चरखारी कोतवाली क्षेत्र के रिवई गांव में रविवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। बारिश के पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से तीन बच्चों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, गांव के मॉडल स्कूल के पीछे मिट्टी निकालने के लिए गहरा गड्ढा खोदा गया था। बारिश के बाद इसमें पानी भर गया था। रविवार शाम कुछ बच्चे गड्ढे के आसपास खेल रहे थे। इसी दौरान पैर फिसलने से 14 वर्षीय प्रिंस अहिरवार, 11 वर्षीय रोशनी अहिरवार और 10 वर्षीय अंशुल अहिरवार गहरे पानी में जा गिरे।

बच्चों के डूबने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। रिवई चौकी प्रभारी सुजीत जायसवाल, सीओ चरखारी दीपक दुबे समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से करीब डेढ़ घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया। चौकी प्रभारी भी बचाव कार्य के दौरान पानी में उतरे।

कड़ी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों को बाहर निकाला गया और तत्काल सीएचसी चरखारी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतकों में प्रिंस और रोशनी सगे भाई-बहन थे, जबकि अंशुल उनके पड़ोस में रहता था। तीनों रिवई गांव के ही रहने वाले थे। बताया गया कि बच्चों के माता-पिता दिल्ली में मजदूरी करते हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

सीओ चरखारी दीपक दुबे के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बच्चों को बाहर निकलवाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version