Mahtari Vandan Yojana: महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी… 67 लाख से ज्यादा महिलाओं के खातों में पहुंचे ₹632 करोड़

Mahtari Vandan Yojana: महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी… 67 लाख से ज्यादा महिलाओं के खातों में पहुंचे ₹632 करोड़

रायपुर, 09 अक्टूबर। Mahtari Vandan Yojana: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त जारी की। इसके तहत प्रदेश की 67 लाख 38 हजार 217 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से 632 करोड़ 40 लाख रुपये से अधिक की राशि भेजी गई। इस किस्त के साथ योजना के तहत अब तक 20,708 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि महिलाओं को वितरित की जा चुकी है।

दुर्ग की 3.89 लाख महिलाओं को मिला लाभ

महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त के तहत दुर्ग जिले की 3 लाख 89 हजार 507 महिलाओं के खातों में करीब 37.19 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में दी जाती है। यह योजना 1 मार्च 2024 से लागू है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना और परिवार से जुड़े फैसलों में उनकी भागीदारी बढ़ाना है। सरकार महिलाओं को आर्थिक संबल देने के लिए लगातार काम कर रही है।

दुर्ग को 218.48 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने दुर्ग जिले को 218.48 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात भी दी। इसमें 23 विकास कार्यों का भूमिपूजन और आईटीआई दुर्ग के उन्नयन कार्य का लोकार्पण शामिल है।

इन विकास परियोजनाओं में सड़क, सिंचाई, शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और बिजली से जुड़े कार्य शामिल हैं। आईटीआई दुर्ग के उन्नयन पर 1.22 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।

महिलाओं के साथ युवाओं और किसानों पर भी फोकस

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ युवाओं, किसानों और आम नागरिकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि सशक्त महिलाएं मजबूत परिवार और विकसित छत्तीसगढ़ की नींव हैं। सरकार महिलाओं के कल्याण के साथ प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

राज्य खबर