रायपुर, 25 अगस्त। Mahtari Vandan Yojana: रक्षाबंधन से पहले छत्तीसगढ़ की महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज 25 अगस्त को महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त जारी करेंगे। त्योहार को देखते हुए सरकार ने सितंबर में जारी होने वाली किस्त का भुगतान अगस्त में ही करने का फैसला लिया है।
मुख्यमंत्री बालोद जिले के डौंडीलोहारा में बिहान दीदियों और स्वयं सहायता समूहों के सम्मान समारोह के दौरान सिंगल क्लिक से राशि ट्रांसफर करेंगे। इस किस्त के तहत प्रदेश की 67,28,918 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में DBT के माध्यम से कुल 631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 रुपये भेजे जाएंगे। प्रत्येक पात्र महिला के खाते में 1,000 रुपये की राशि पहुंचेगी।
महिलाओं को आर्थिक मजबूती देना योजना का उद्देश्य
महतारी वंदन योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाना है। योजना की राशि का इस्तेमाल महिलाएं घर की जरूरतों, स्वास्थ्य, पोषण और अन्य जरूरी खर्चों के लिए कर सकती हैं। सरकार के अनुसार, योजना के तहत अब तक करीब 19,444 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।
30वीं किस्त 7 अगस्त को हुई थी जारी
इससे पहले महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त 7 अगस्त 2026 को जारी की गई थी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने करीब 69 लाख महिलाओं के खातों में 1,000-1,000 रुपये की राशि DBT के जरिए ट्रांसफर की थी।

