Site icon AB News24.in

Manendragarh Bus Accident: मनेंद्रगढ़ बस दुर्घटना पर CM विष्णु देव साय ने जताया दुख… मृतकों के परिवारों को मिलेगी आर्थिक सहायता

मनेंद्रगढ़, 23 अक्टूबर। Manendragarh Bus Accident: छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर हुए भीषण बस हादसे में 6 लोगों की मौत से शोक की लहर है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी।

मुख्यमंत्री साय ने इस हृदयविदारक घटना में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव मदद उपलब्ध कराई जाएगी।

राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य तेजी से संचालित करने के निर्देश दिए। साथ ही घायलों के उपचार के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा।

अस्पतालों में घायलों का इलाज जारी

मुख्यमंत्री के अनुसार, दुर्घटना में घायल यात्रियों का उपचार सिविल अस्पताल मनेंद्रगढ़ और जिला अस्पताल चिरमिरी में जारी है। गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को घायलों की स्थिति पर लगातार नजर रखने और जरूरत के अनुसार चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति, शोकाकुल परिवारों को दुःख सहने की शक्ति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।

Exit mobile version