Site icon AB News24.in

Manish Banchhor Post: ‘जिस डाल पर बैठे हो…’ मनीष बंछोर की पोस्ट से कांग्रेस में हलचल

रायपुर, 21 नवम्बर। Manish Banchhor Post: छत्तीसगढ़ कांग्रेस में राष्ट्रीय संगठन के फेरबदल के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव को राष्ट्रीय सचिव की जिम्मेदारी से मुक्त किए जाने के बाद प्रदेश में बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है। AICC ने देवेंद्र यादव के साथ विजय जांगिड़ समेत कुल 25 सचिवों और संयुक्त सचिवों को भी उनकी मौजूदा जिम्मेदारियों से हटा दिया है।

इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पूर्व ओएसडी मनीष बंछोर की सोशल मीडिया पोस्ट ने राजनीतिक चर्चाओं को और हवा दे दी है। उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘बाप तो आखिर बाप होता है। जिस डाल पर बैठे हो, उसी को काटोगे तो गिरना तय है।’ हालांकि, उन्होंने पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन इसे देवेंद्र यादव पर निशाना साधने के तौर पर देखा जा रहा है।

वहीं, भाजपा सांसद संतोष पांडेय ने भी इस मामले को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने देवेंद्र यादव के लिए ‘डाउनफॉल’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए पार्टी में द्वेष, कलह और गुटबाजी होने का आरोप लगाया।

भाजपा के आरोपों पर कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि पार्टी में नियुक्तियां करना और जिम्मेदारियां बदलना कांग्रेस का आंतरिक मामला है। भाजपा को कांग्रेस की चिंता करने के बजाय अपनी सरकार के कामकाज पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने धान खरीदी, पटवारी हड़ताल और डीएड अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज जैसे मुद्दों को लेकर भी सरकार को घेरा।

Exit mobile version