Site icon AB News24.in

Mann Ki Baat: ‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा’ अभियान का जिक्र… CM साय ने जताया गर्व

कांकेर, 27 सितंबर। Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी में छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान का उल्लेख किया। इस अभियान के जरिए लोगों को पौष्टिक मुनगा यानी मोरिंगा को दैनिक खान-पान में शामिल करने और घरों में इसके पौधे लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ में छत्तीसगढ़ के इस अभियान का जिक्र होने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ के जनभागीदारी आधारित प्रयासों और नवाचारों को लगातार देश के सामने ला रहे हैं। इससे पहले बस्तर पंडुम, बस्तर ओलंपिक, मल्हार के ऐतिहासिक ताम्रपत्र और कोरिया के ‘5 प्रतिशत जल संचय मॉडल’ का भी ‘मन की बात’ में उल्लेख हो चुका है।

मुख्यमंत्री ने कोरिया के ‘5 प्रतिशत जल संचय मॉडल’ की जानकारी देते हुए कहा कि इसमें किसान अपने खेत के पांच प्रतिशत हिस्से में जल संचयन की व्यवस्था करते हैं। इससे जरूरत के समय फसलों की सिंचाई के लिए पानी मिलता है और भूजल स्तर बढ़ाने में भी मदद मिलती है।

नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास पर जोर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर और कांकेर का क्षेत्र लंबे समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहा है। अब सरकार के प्रयासों और स्थानीय लोगों के सहयोग से क्षेत्र शांति और विकास की ओर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ इलाकों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, संचार और रोजगार जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

लामकन्हार को 85 लाख रुपए के विकास कार्यों की सौगात

मुख्यमंत्री ने ग्राम लामकन्हार में विभिन्न विकास कार्यों के लिए कुल 85 लाख रुपए की घोषणा की। इसमें शीतला मंदिर के पास सामुदायिक भवन के लिए 15 लाख, प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला भवन के लिए 37 लाख, छोटे पारा में सीसी रोड के लिए 18 लाख और एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में पुस्तकालय एवं प्रयोगशाला के लिए 15 लाख रुपए शामिल हैं।

‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत लगाया पौधा

‘मन की बात’ कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अमरूद का पौधा लगाया। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।

कार्यक्रम में सांसद भोजराज नाग, अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, स्कूली छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Exit mobile version