Site icon AB News24.in

MG Road Choupati: रायपुर के एमजी रोड चौपाटी पर सख्ती… रात 1 बजे तक ही मिलेगी अनुमति

रायपुर, 17 नवम्बर। MG Road Choupati: राजधानी के एमजी रोड स्थित चौपाटी में अब मनमानी नहीं चलेगी। अव्यवस्थित पार्किंग, सड़क पर अतिक्रमण और गंदगी की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यातायात पुलिस और नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। नए निर्देशों के मुताबिक, एमजी रोड की चौपाटियां अब रात 9 बजे से 1 बजे तक ही संचालित हो सकेंगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर चौपाटी बंद भी कराई जा सकती है।

रात 9 से 1 बजे तक ही खुलेंगी चौपाटियां

दरअसल, एमजी रोड चौपाटी में यातायात व्यवस्था और व्यापारियों की समस्याओं को लेकर 16 नवंबर को यातायात सभागार में संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में ट्रैफिक डीसीपी डॉ. अर्चना झा सहित यातायात पुलिस, नगर निगम के अधिकारी, व्यापारी संघ के पदाधिकारी और चौपाटी संचालक शामिल हुए।

बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी अस्थायी दुकानें रात 9 बजे से रात 1 बजे तक ही लगाई जा सकेंगी। स्थायी दुकानों के शटर बंद होने के बाद ही उनके सामने चौपाटी संचालित करने की अनुमति होगी। किसी भी स्थायी दुकानदार पर दुकान बंद करने का दबाव बनाने या विवाद करने की अनुमति नहीं होगी।

सड़क और फुटपाथ पर कुर्सी-टेबल लगाने पर रोक

चौपाटी संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई है। गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा। दुकान बंद करने के बाद संबंधित स्थान की सफाई भी संचालकों को खुद करनी होगी।

इसके अलावा सड़क, नाली और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने पर कार्रवाई होगी। ग्राहकों के बैठने के लिए सड़क या फुटपाथ पर कुर्सी-टेबल लगाने और सार्वजनिक रास्तों पर अतिक्रमण करने पर भी रोक लगा दी गई है।

पार्किंग की व्यवस्था भी संचालकों को करनी होगी

बैठक में पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी निर्देश जारी किए गए। चौपाटी में आने वाले ग्राहकों के दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग की उचित व्यवस्था संचालकों को करनी होगी। मुख्य सड़क या यातायात बाधित करने वाली जगहों पर वाहनों को खड़ा नहीं किया जा सकेगा।

अधिकारियों के मुताबिक, चौपाटी में अव्यवस्थित पार्किंग, अतिक्रमण और गंदगी के कारण स्थायी दुकानदारों के साथ आम नागरिकों और राहगीरों को भी परेशानी हो रही थी।

नियमों की अनदेखी की तो बंद होगी चौपाटी

नगर निगम अधिकारियों को स्वच्छता और कचरा प्रबंधन की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, व्यापारी संघ को सभी पक्षों के बीच समन्वय बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई है। चौपाटी संचालकों ने भी नियमों का पालन करने का आश्वासन दिया है।

अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि अतिक्रमण, गंदगी और अव्यवस्थित पार्किंग की शिकायत मिलने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर अस्थायी चौपाटी को स्थायी रूप से बंद भी कराया जा सकता है।

पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के अनुसार, एमजी रोड पर चौपाटियों का संचालन आम नागरिकों की सुविधा, व्यापारियों के हित और सुगम यातायात को ध्यान में रखकर कराया जाएगा। इसके लिए यातायात पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम लगातार निगरानी करेगी।

Exit mobile version