क्रिवी रीह, 17 अगस्त। Missile Attack: रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध के बीच रूसी सेना ने यूक्रेन के क्रिवी रीह शहर में स्थित भारतीय मूल के अरबपति लक्ष्मी मित्तल की कंपनी आर्सेलरमित्तल के स्टील प्लांट को निशाना बनाया। मिसाइल हमले में दो कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
हमले में प्लांट की बिजली व्यवस्था और स्टील उत्पादन से जुड़ी ब्लास्ट फर्नेस यूनिट को भी नुकसान पहुंचा है। बिजली आपूर्ति प्रभावित होने के बाद प्लांट में उत्पादन का कुछ हिस्सा रोकना पड़ा।
उत्पादन पर पड़ा असर
रूसी मिसाइल हमले के बाद प्लांट की बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई, जिसके चलते उत्पादन को आंशिक रूप से रोकना पड़ा। हालांकि, प्लांट को हुए कुल नुकसान का अभी स्पष्ट आकलन सामने नहीं आया है।
क्रिवी रीह स्थित यह संयंत्र यूक्रेन की सबसे बड़ी एकीकृत स्टील उत्पादन इकाइयों में शामिल है। खास बात यह है कि क्रिवी रीह यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की का गृह शहर भी है।
यूक्रेन के ड्रोन हमलों के बाद रूस की कार्रवाई
रूस का यह हमला ऐसे समय हुआ है जब यूक्रेन की ओर से रूस के कई इलाकों में बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले किए गए थे। रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, रातभर में 822 यूक्रेनी ड्रोन को रोका गया।
मॉस्को क्षेत्र में हुए हमलों में एक 83 वर्षीय व्यक्ति की मौत की जानकारी सामने आई है। वहीं रोस्तोव क्षेत्र के तीन शहरों में ड्रोन हमलों में पांच लोगों की मौत बताई गई है। इन हमलों में कई घरों और एक रेलवे स्टेशन को नुकसान पहुंचा, जबकि जंगल में भी आग लग गई।
रूस और यूक्रेन के बीच जारी संघर्ष में दोनों पक्ष लगातार ड्रोन और मिसाइल हमलों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसी बढ़ते तनाव के बीच लक्ष्मी मित्तल के स्टील प्लांट पर हुआ हमला सामने आया है।

