मुजफ्फरनगर, 21 अक्टूबर। Mobile Battery Blast: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में मोबाइल फोन की बैटरी फटने के बाद बाइक सवार युवक सड़क पर गिर गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रहमतपुर गांव निवासी 40 वर्षीय विकास अंतल के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। विकास अपने पीछे पत्नी, छह साल की बेटी और तीन साल के बेटे को छोड़ गया है।
मां को ननिहाल छोड़कर लौट रहा था युवक
जानकारी के मुताबिक, हादसा सोमवार शाम नगर कोतवाली क्षेत्र के वहलना चौक के पास हुआ। विकास अपनी मां को माजरा गांव स्थित ननिहाल छोड़कर बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान उसकी जेब में रखे मोबाइल फोन की बैटरी में अचानक धमाका हो गया। इससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे में विकास के हाथ और छाती पर चोटें आईं, जबकि गिरने से उसके सिर में भी गंभीर चोट लगी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। इसके बाद परिजन बेहतर इलाज के लिए उसे आरोग्य हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
पुलिस के मुताबिक, मोबाइल की बैटरी फटने के बाद बाइक से गिरने के कारण युवक के सिर में गंभीर चोट लगी थी। आशंका जताई जा रही है कि मौत सिर में लगी चोट के कारण हुई। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।
विकास खाईखेड़ी स्थित उत्तम शुगर मिल में टोकन मैन के पद पर काम करता था। उसके परिवार में बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। मंगलवार को शव गांव पहुंचने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सांसद की पत्नी ने परिवार को दी सांत्वना
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय सांसद चंदन चौहान की पत्नी यशिका चौहान पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचीं। उन्होंने विकास के पिता और अन्य परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
युवक की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। छह साल की बेटी और तीन साल के बेटे ने अपने पिता को खो दिया। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके।

