सागर, 07 सितम्बर। MP News: मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब पीने से 11 लोगों की मौत का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने 20 आरोपियों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की है, जबकि अब तक 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
बताया जा रहा है कि बंडा और शाहगढ़ क्षेत्र के कई गांवों में शराब पीने के बाद लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। प्रभावित गांवों में नौराज, गूगरा खुर्द, दलपतपुर, पाटन, चौका, छापरी और बमूरा भेड़ा समेत आसपास के इलाके शामिल हैं।
बीमार लोगों को इलाज के लिए बंडा अस्पताल, बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (BMC) सागर और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौत की सही वजह की पुष्टि के लिए विसरा और शराब के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
आबकारी विभाग के अधिकारियों पर कार्रवाई
घटना के बाद सरकार ने आबकारी विभाग के अधिकारियों पर भी कार्रवाई की है। आबकारी आयुक्त ग्वालियर दीपक सक्सेना के अनुसार, सागर की सहायक आबकारी आयुक्त कीर्ति दुबे, जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते और बंडा की आबकारी उप निरीक्षक रोशनी उरेते को निलंबित किया गया है। इसके अलावा गुगरा चौकी प्रभारी पूरण लाडिया और बंडा थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह कुशवाहा को भी सस्पेंड कर दिया गया है।

