Site icon AB News24.in

MP News: मटन के पार्सल में मिला आधा मरा चूहा…

खंडवा, 09 अगस्तMP News: मध्य प्रदेश के खंडवा शहर के कहारवाड़ी क्षेत्र स्थित बिस्मिल्लाह होटल से खरीदे गए मटन के पार्सल में आधा मरा हुआ चूहा मिलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि चूहा दिखाई देने से पहले परिवार के दो बच्चे खाना खा चुके थे। घटना के बाद परिजन ने खाद्य विभाग से शिकायत की, जिसके बाद विभाग की टीम ने होटल पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

मटन कोल्हापुरी के पार्सल में दिखा चूहा

शिकायतकर्ता इरफान खान के अनुसार, उन्होंने कहारवाड़ी स्थित होटल से मटन कोल्हापुरी का पार्सल खरीदा था। घर पहुंचकर परिवार ने खाना शुरू किया। इसी दौरान खाने में आधा मरा हुआ चूहा दिखाई दिया। इससे पहले परिवार के दो बच्चे भी खाना खा चुके थे।

इरफान ने घटना का वीडियो बनाया और दोनों बच्चों को जांच के लिए अस्पताल लेकर गए। परिजनों के अनुसार, जांच के बाद दोनों बच्चे सुरक्षित और स्वस्थ हैं।

खाद्य विभाग की टीम ने लिए सैंपल

मामले की जानकारी मिलते ही खाद्य निरीक्षक राधेश्याम गोले के नेतृत्व में खाद्य विभाग की टीम बिस्मिल्लाह होटल पहुंची। टीम ने होटल से मटन और बिरयानी के सैंपल लिए हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है।

घटना के बाद होटल में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। खाद्य निरीक्षक ने बताया कि लैब से जांच रिपोर्ट आने के बाद होटल संचालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version